जबलपुर स्थित बरगी डैम क्रूज हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मुआवजे की घोषणा की थी। अब सरकार ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया है, जिसे 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई
बरगी क्रूज हादसे को लेकर सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए पायलट, हेल्पर और टिकट प्रभारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वहीं मैनेजर सुनील मरावी को निलंबित किया गया है और रीजनल मैनेजर को हेडक्वार्टर अटैच कर दिया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए थे।
समिति में शामिल वरिष्ठ अधिकारी
जांच के लिए गठित समिति में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक, पर्यटन विभाग के सचिव और जबलपुर संभाग के आयुक्त को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।
15 दिनों में सौंपनी होगी रिपोर्ट
राज्य सरकार ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह 15 दिनों के भीतर अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे, ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।