बरगी डैम में 30 अप्रैल को तेज आंधी-तूफान के बीच क्रूज डूबने से बड़ा हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया, जो अब भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।
4-4 लाख की आर्थिक सहायता
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी
हादसे के बाद से राहत और बचाव कार्य लगातार चल रहा है। अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
मौके पर मंत्री और प्रशासन तैनात
घटना स्थल पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद हैं। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और SDRF की टीमें लगातार निगरानी और रेस्क्यू में जुटी हैं।
राहत कार्य
प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाया जा सके और स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।