मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर के गोल्डी मुड़िया गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी पिता-पुत्र को फांसी की सजा सुनाई है। यह फैसला न सिर्फ पीड़ित परिवार के लिए न्याय है, बल्कि समाज में एक कड़ा संदेश भी देता है।
जन्मदिन की खुशी बनी मातम, गोलियों से छलनी हुए सगे भाई
27 मई 2023 को एक मासूम के जन्मदिन का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब जमीनी विवाद और आपसी रंजिश के चलते पिता-पुत्र ने नरेंद्र और महेंद्र सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
कोर्ट ने बताया ‘जघन्यतम अपराध’, रिश्तेदारों की गवाही बनी अहम सबूत
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश सुरेंद्र मेश्राम की अदालत ने इसे ‘जघन्यतम अपराध’ मानते हुए दोनों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई। खास बात यह रही कि आरोपियों के अपने ही रिश्तेदारों ने उनके खिलाफ कोर्ट में गवाही दी, जिससे केस और मजबूत हुआ। पुलिस की सटीक जांच और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी ने इस फैसले में अहम भूमिका निभाई।