जबलपुर। बरगी बांध में गुरुवार को हुए क्रूज हादसे के बाद लापता चार पर्यटकों में से दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश अभी जारी है। घटना के 48 घंटे बाद भी राहत और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटा हुआ है।
चार लोग थे लापता
हादसे के बाद जबलपुर आयुध निर्माणी खमरिया निवासी आर. कामकराज (38), उनका बेटा श्रीतमिलवेंदन (5), भतीजा मयूरन (9) और विरोज सोनी (6) लापता हो गए थे। इनमें से दो बच्चों के शव मिल चुके हैं, जबकि बाकी दो की खोज जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार सुबह 6 बजे से रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। हालांकि तेज हवाओं के कारण अभियान में बार-बार बाधा आ रही है और छोटी नावों से सर्च ऑपरेशन जोखिम भरा बना हुआ है। गोताखोर लगातार पानी में उतरकर तलाश कर रहे हैं।
विशेष विमान से तमिलनाडु भेजे गए शव
दुर्घटना में जान गंवाने वाली दो महिला पर्यटकों के शव शनिवार को विशेष विमान से तमिलनाडु भेजे गए। आयुध निर्माणी खमरिया में कार्यरत कामकराज अपने परिवार के साथ घूमने आए थे, जिसमें उनकी पत्नी, बच्चे, तमिलनाडु से आए माता-पिता, भाई-भाभी और अन्य परिजन शामिल थे। हादसे के दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा लहरों के सहारे किनारे पहुंच गया था और सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन छोटा बेटा श्रीतमिलवेंदन, भतीजा मयूरन और खुद कामकराज डूब गए।
तमिलनाडु के त्रिची का है परिवार
कामकराज का परिवार मूल रूप से तमिलनाडु के त्रिची का रहने वाला है। परिजनों ने मृत महिलाओं का अंतिम संस्कार गृहग्राम में करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद प्रशासन ने शवों और स्वजनों को विशेष विमान से भेजने की व्यवस्था की। शनिवार को एक विशेष विमान से दो महिलाओं के शव और दो परिजनों को तमिलनाडु रवाना किया गया। वहीं, एक अन्य विमान तकनीकी कारणों से देर शाम तक नहीं पहुंच सका, जिससे बाकी परिजनों को भेजने में देरी हुई।बरगी बांध क्रूज हादसे में अब तक कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं।