भोपाल: मध्यप्रदेश में 3 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के फैसले पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस फैसले को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अमानवीय और क्रूरतापूर्ण बताया। उन्होंने सरकार से फैसला वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी।
3 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के फैसले का विरोध
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक्स पर लिखा कि प्रदेश के 3,00,000 आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का मध्यप्रदेश सरकार का फैसला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले से ही कर्मचारियों की कमी है। ऐसे में सरकार को नई नियुक्तियां करनी चाहिए, न कि पुराने कर्मचारियों को नौकरी से बाहर करना चाहिए।
पुराने कर्मचारियों को नियमित करने की मांग
कमलनाथ ने सरकार से मांग की कि आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के बजाय उन्हें नियमित करने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन और भत्तों को स्थायी कर्मचारियों के बराबर पहुंचाने की कोशिश होनी चाहिए।उनका कहना है कि नई भर्तियों से पहले इतनी बड़ी संख्या में पुराने कर्मचारियों को नौकरी से निकालना उचित नहीं है।
कमलनाथ ने अपने बयान में सरकार के फैसले को अमानवीय और क्रूरतापूर्ण करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में पहले से कर्मचारियों की कमी है, तो पुराने कर्मचारियों को हटाने के बजाय नई नियुक्तियों और नियमितीकरण पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है।
फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार से आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती है, तो कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी।