भोपाल। पेंशनधारकों के लिए 29 अप्रैल का दिन राहत भरा रहा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समग्र पेंशन योजना के तहत 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 200 करोड़ 71 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित भी किया।
सरकार हर परिस्थिति में जरूरतमंदों के साथ खड़ी
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के गरीब, निराश्रित, वृद्धजनों, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न पेंशन योजनाएं संचालित कर रही है। यह सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार के भरोसे और साथ का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि सरकार हर परिस्थिति में जरूरतमंदों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। केन्द्र सरकार की ओर से पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जो एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं न सिर्फ जीवनयापन में सहारा देती हैं, बल्कि लाभार्थियों को सम्मान के साथ जीने की प्रेरणा भी देती हैं। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता समय पर, पारदर्शी और सम्मानजनक तरीके से पहुंचे, ताकि कोई भी खुद को असहाय महसूस न करे।
लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ जरूरतमंदों के हित में कार्य कर रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कमजोर वर्गों को नियमित आर्थिक सहायता मिले और कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 2 हजार 857 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल रही है।
अब तक इतना मिला लाभ
इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत—मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना में 62 हजार 594 हितग्राहियों को, मानसिक रूप से अविकसित/बहु दिव्यांग सहायता योजना में 77 हजार 120 हितग्राहियों को तथा समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (वृद्धजन, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहित एवं दिव्यांगजन) में 32 लाख 5 हजार 517 हितग्राहियों को लाभ मिला। इस तरह कुल 33 लाख 45 हजार 231 लाभार्थियों को 600 रुपए प्रतिमाह की दर से कुल 200.71 करोड़ रुपए की पेंशन राशि वितरित की गई।