मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर दो अहम नियुक्तियां की हैं। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, सत्येंद्र भूषण सिंह को मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, भोपाल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें कार्यभार संभालने की तारीख से दो साल के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति निगम के मेमोरेंडम और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के प्रावधानों के तहत की गई है। इस फैसले से निगम के प्रशासनिक और नीतिगत कार्यों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गुड्डी आदिवासी सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष, सत्येंद्र भूषण सिंह को लघु उद्योग निगम की जिम्मेदारी
वहीं, जनजातीय कार्य विभाग ने गुड्डी आदिवासी को राज्य स्तरीय सहरिया विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी। सरकार के अनुसार, सहरिया जनजाति के समग्र विकास, सामाजिक भागीदारी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्राधिकरण के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर ढंग से लागू करने पर जोर दिया जाएगा।