मंडला।मंडला जिले में गणेश विसर्जन के बाद बड़ा हादसा हो गया। नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, गणेश विसर्जन के बाद करीब 7 से 8 युवक पंडाल में सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक पंडाल में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए।
चार युवकों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है।घायलों में प्रियांशु भी शामिल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे में करंट फैलने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।