मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों को राहत देते हुए हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 4 मई 2026 तक एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 अप्रैल निर्धारित थी। इस वर्ष से बोर्ड ने पूरक परीक्षा प्रणाली समाप्त कर ‘द्वितीय परीक्षा’ की नई व्यवस्था लागू की है, जिसमें फेल और पास दोनों विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही पूरी की जाएगी और अन्य सभी नियम पूर्ववत लागू रहेंगे।
पूरक परीक्षा प्रणाली खत्म, नई व्यवस्था लागू
इस वर्ष बोर्ड ने पारंपरिक पूरक परीक्षा प्रणाली को समाप्त कर दिया है। पहले केवल फेल छात्र ही सीमित विषयों में पूरक परीक्षा दे सकते थे, लेकिन अब ‘द्वितीय परीक्षा’ के जरिए सभी छात्रों को समान अवसर दिया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य छात्रों पर दबाव कम करना और शिक्षा प्रणाली को अधिक लचीला बनाना है।
पास और फेल दोनों को मिलेगा मौका
नई व्यवस्था के अनुसार, जिन छात्र-छात्राओं के किसी विषय में अंक कम आए हैं या वे फेल हुए हैं, उन्हें उस विषय की परीक्षा देना अनिवार्य होगा। वहीं, पास हो चुके विद्यार्थी भी अपने अंक सुधारने के लिए स्वेच्छा से किसी भी विषय की परीक्षा दे सकते हैं। इससे छात्रों को बेहतर परिणाम हासिल करने का अवसर मिलेगा।
परीक्षा का कार्यक्रम
बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, हायर सेकेंडरी (12वीं) की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 के बीच होगी। परीक्षाएं निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
बेहतर अंक ही होंगे मान्य
द्वितीय परीक्षा के बाद जारी अंकसूची मुख्य परीक्षा के समान ही होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा और द्वितीय परीक्षा में से जो भी बेहतर अंक होंगे, वही अंतिम रूप से मान्य किए जाएंगे। इससे छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार का लाभ मिलेगा।