भोपाल। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की राज्यपाल मंगुभाई पटेल से हुई मुलाकात ने राजनीतिक संकेतों को और बल दे दिया है।
राज्यपाल से सीएम की अहम मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 10.30 बजे लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। इस अहम मुलाक़ात के दौरान दोनों लोगों के बीच मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा हुई!
मुलाकात को बताया सौजन्य भेंट
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि यह केवल सौजन्य मुलाकात थी और इसमें किसी प्रकार का औपचारिक राजनीतिक एजेंडा नहीं था।
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज
हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस भेंट को मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनावी नतीजों के बाद संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर संतुलन साधने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
‘गुजरात मॉडल’ की तर्ज पर बदलाव की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, मॉडल की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी बड़ा कदम उठाया जा सकता है। गुजरात में पूर्व में सभी मंत्रियों से इस्तीफा लेकर पूरी तरह नया मंत्रिमंडल गठित किया गया था। इसी तरह का प्रयोग मध्यप्रदेश में भी संभव माना जा रहा है, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
आधिकारिक ऐलान का इंतजार
फिलहाल सरकार की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन हालिया राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए आने वाले दिनों में बड़ा फैसला सामने आ सकता है।