भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया।
रायसेन में वेयरहाउस की छत उड़ी
रायसेन जिले के छुछार गांव में तेज आंधी के कारण हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। यहां करीब 5000 मीट्रिक टन क्षमता का सरकारी मूंग रखा हुआ है। बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में भी अनाज भीगने से सरकारी खरीदी प्रभावित हुई।
सीहोर में ट्रॉली में रखा अनाज भीगा
सीहोर के इछावर, बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी में आंधी के साथ बारिश हुई। बोरदी में विनायक वेयरहाउस के पास 2 किलोमीटर तक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रखा फसल अनाज भीग गया, जिससे किसानों को नुकसान हुआ।
बालाघाट में पेड़ गिरा, बाइक दबी
बालाघाट में दोपहर 1:30 बजे के बाद तेज बारिश और हवाओं के चलते नगर पालिका परिसर में बड़ा पेड़ गिर गया, जिसके नीचे खड़ी एक बाइक दब गई।
नर्मदापुरम में मंडी में नुकसान
नर्मदापुरम में तेज आंधी-बारिश से अनाज मंडी में रखा गेहूं और चना भीग गया। टीन शेड के अंदर पानी भर गया। मीनाक्षी चौक पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ, जबकि एक जगह टीन शेड उड़ गया।
नरसिंहपुर में पेड़ गिरा, अस्पताल में बिजली गुल
नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा क्षेत्र के ढिगसरा गांव में सैकड़ों वर्ष पुराना आम का पेड़ गिर गया। वहीं जिला अस्पताल में बिजली गुल होने से मरीजों और परिजनों को अंधेरे में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हरदा और डिंडौरी में भी असर
हरदा में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई और कई जगह पेड़ गिर गए। वहीं डिंडौरी में शाम को तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
भोपाल के रातीबड़ में बड़ा हादसा टला
भोपाल के रातीबड़ इलाके के बेरखेड़ी में तेज आंधी के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ मकान पर गिर गया, जिससे घर को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।