भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य महिला आयोग में नई नियुक्तियाँ की हैं। रेखा यादव को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व विधायक साधना स्थापक को सदस्य बनाया गया है। दोनों पदों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा।
रेखा यादव बनीं अध्यक्ष
बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रेखा यादव को मध्य प्रदेश महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके नेतृत्व में आयोग महिला सशक्तिकरण और अधिकारों के लिए काम करेगा। वहीं गाडरवारा से पूर्व विधायक साधना स्थापक को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। साधना स्थापक दो बार कांग्रेस से विधायक रह चुकी हैं और विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी।
आयोग में रिक्त पद और लंबित प्रकरण
राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष और सदस्य के पद 2020 से रिक्त थे। कमल नाथ सरकार में शोभा ओझा अध्यक्ष थीं, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद उनका कार्यकाल समाप्त हुआ। उन्होंने इसे हाई कोर्ट में चुनौती दी, और इस लंबित स्थिति के कारण आयोग में 30 हजार से अधिक प्रकरण लंबित रहे।
अब तक 29 पदों पर नियुक्तियां
मध्यप्रदेश में लंबे समय से निगम, मंडल, आयोग और प्राधिकरण में नियुक्तियाँ नहीं हुई थीं। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने समन्वय कर अब तक विभिन्न आयोग और प्राधिकरण के 29 पदों पर नियुक्तियाँ पूरी कर दी हैं। और जल्दी ही बचे हुए निगम मंडल आयोगों और प्राधिकरणों में नियुक्तियां कर दीं जाएंगी। उधर नगरीय निकायों में एल्डलमैन की नियुक्ती लिस्ट भी तैयार है,वो कभी भी जारी हो सकती है।