बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि, नीतीश कुमार NDA में नहीं जाएंगे, वो विपक्ष में रहकर INDIA गठबंधन को मजबूत करेंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के लोग भटके हुए लोग हैं। कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि, वो छोटे दलों को साथ लेकर चले।
कांग्रेस को ममता बनर्जी से बात करनी चाहिए
वहीं, पश्चिम बंगाल में सीएम ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि, कांग्रेस को ममता बनर्जी से बात करनी चाहिए। वहीं आगे उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, इजराइल में जहां युद्ध चल रहा है सरकार वहां के लिए भर्ती करा रही है। यहां भारत में नौजवान भूख से मर रहे हैं और वहां जाकर बम से मर जाए। सपा चीफ ने कहा कि, विपक्षी दलों का गठबंधन सीट का नहीं है, यह जीत का गठबंधन है। जीत ही हमारे बंटवारे का हिस्सा है।
ये चुनाव आयोग के मुंह पर तमाचा है
समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी हमला बोला। सपा नेता यादव ने कहा कि, राज्य में जिंदा लोगों को मृत बताकर उनके वोट काटे जा रहे हैं, लगभग 20 ऐसे लोग हैं जो जीवित हैं लेकिन उन्हें मृत बताकर वोटर लिस्ट से उनका नाम गायब कर दिया गया है। ये वो लोग हैं जो पहले वोट डाल चुके हैं। ये चुनाव आयोग के मुंह पर तमाचा है। जिस अधिकारी ने ऐसा किया है हम उसको सजा दिलवाएंगे।
Comments (0)