पाकिस्तान के खिलाफ चार जंग लड़ने वाले सेना के वयोवृद्ध सैनिक हवलदार (सेवानिवृत्त) बलदेव सिंह का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। नौशेरा में स्थित निवास पर बलदेव सिंह का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ मंगलवार को उनके गांव में किया गया है।
पीएम मोदी ने बलदेव सिंह को दी श्रद्धांजलि
वहीं सेवानिवृत्त बलदेव सिंह के निधन पर भारत के पीएम मोदी ने भी शोक जाहिर किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट x पर लिखा है कि, हवलदार बलदेव सिंह (सेवानिवृत्त) के निधन से दुखी हूं। भारत के प्रति उनकी महान सेवा को आने वाले समय में याद रखा जाएगा। साहस और धैर्य के सच्चे प्रतीक, राष्ट्र के प्रति उनका अटूट समर्पण भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। मुझे कुछ साल पहले नौशेरा में उनसे हुई मुलाकात अच्छी तरह याद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
जानें बलदेव सिंह के बारे में
14 नवंबर 1950 को बलदेव सिंह सेना में भर्ती हुए थे। इसके बाद वह 3 दशक तक सेना से जुड़े रहे और वीरता के साथ देश की सेवा की। आपको बता दें कि, बलदेव सिंह ने 1961, 1962 और 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भाग लिया। अक्टूबर 1969 में बलदेव सिंह सेना से रिटायर्ड हो गए। हालांकि, उन्हें 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान वापस बुलाया गया। इसके बाद उन्होंने 11 जाट बटालियन (25 इन्फैंट्री डिवीजन) में अतिरिक्त 8 महीने की सेवा दी।
बलदेव सिंह को कई सम्मान दिए गए
आपको बता दें कि, बलदेव सिंह को देश के प्रति अपनी सेवा के लिए कई सम्मान दिए गए। इनमें तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी समेत अन्य कई प्रतिष्ठित नेताओं द्वारा किया गया सम्मान शामिल है।
Comments (0)