लखनऊ - उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों के हित में कई अहम फैसले लिए हैं। इन फैसलों के तहत गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में कार्यरत श्रमिकों के लिए ओवरटाइम भुगतान, वेतन और बोनस से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू किया गया है।
योगी सरकार का बड़ा फैसला
नए निर्देशों के अनुसार, अब ओवरटाइम काम करने वाले कर्मचारियों को सामान्य मजदूरी की तुलना में दोगुना भुगतान करना अनिवार्य होगा। साथ ही किसी भी प्रकार की कटौती की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन और बोनस सीधे उनके बैंक खातों में भेजना जरूरी होगा।यह कदम नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद उठाया गया है, जिसमें कर्मचारियों ने वेतन में देरी, अनियमितताओं और कंपनी प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ तीन दिनों तक काम बंद कर प्रदर्शन किया था।
नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नए दिशानिर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षाराज्य सरकार की प्राथमिकता है और इन नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा, साप्ताहिक अवकाश को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। सभी कंपनियों को कर्मचारियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन का अवकाश देना अनिवार्य होगा। यदि किसी कर्मचारी से रविवार को काम लिया जाता है, तो उसे भी दोगुनी दर से वेतन देना होगा। सरकार का कहना है कि इन सुधारों से श्रमिकों की स्थिति मजबूत होगी और औद्योगिक क्षेत्रों में पारदर्शिता एवं अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा।