प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार शाम 4 बजे तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम ‘मेरा पोलिंग बूथ, सशक्त पोलिंग बूथ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
‘नमो ऐप’ के जरिए जुड़ेंगे कार्यकर्ता
यह संवाद ‘नमो’ ऐप के माध्यम से होगा, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता रजिस्ट्रेशन कर शामिल हो सकेंगे। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु में भाजपा के करीब 5 लाख बूथ समिति सदस्य इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
संगठन मजबूत करने पर फोकस
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना और संगठन को और मजबूत बनाना है। इसे चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में भाजपा की अहम रणनीति माना जा रहा है।
पीएम मोदी ने की कार्यकर्ताओं की सराहना
रविवार को नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तमिलनाडु भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने डीएमके सरकार की कमजोरियों को उजागर किया और एनडीए के विकास एजेंडे को मजबूती से रखा।
अन्य दल भी प्रचार में जुटे
वहीं दूसरी ओर एमके स्टालिन और एआईएडीएमके नेता के. पलानीस्वामी भी राज्य में लगातार जनसभाएं कर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा भी तय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सप्ताह तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे पर भी जाएंगे। इस दौरान 15 अप्रैल को नागरकोइल और 18 अप्रैल को कोयंबटूर में बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं ने तेज किया प्रचार
भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन भी तमिलनाडु में सक्रिय हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति समझा रहे हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी जल्द राज्य में चुनाव प्रचार के लिए आने की संभावना है।