गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 7 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह हादसा पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के एक समूह के साथ हुआ। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु राजकोट के गढ़का गांव से मंदिर दर्शन और झंडा फहराने की रस्म के लिए विरमगाम की ओर जा रहे थे। यह समूह करीब 700 श्रद्धालुओं की बड़ी यात्रा का हिस्सा था।
तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से मारी टक्कर
लखतर-विरमगाम हाईवे पर छराड और भास्करपारा गांवों के बीच तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने पीछे से श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे।
7 की मौके पर मौत, कई घायल
इस हादसे में 5 महिलाओं और 2 पुरुषों की मौत हो गई। मृतकों में मासा मुंधवा, जलूबेन मुंधवा, रानीबेन लंबरिया और वाजीबेन मुंधवा समेत अन्य लोग शामिल हैं। चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रात 1:20 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दर्दनाक घटना रात करीब 1:20 बजे हुई, जब श्रद्धालु सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण खो बैठा।
पुलिस जांच में जुटी, चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक पीके परमार ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।