उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सोमवार को मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जिससे दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। चिल्ला बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के सड़क पर उतरने से लंबा जाम लग गया। इसके चलते नोएडा लिंक रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना प्लानिंग यात्रा न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस ने डीएनडी फ्लाईवे और एनएच-24 जैसे रूट सुझाए हैं।
वेतन बढ़ोतरी को लेकर जारी है आंदोलन
मजदूरों का यह प्रदर्शन वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहा है। हजारों की संख्या में श्रमिक धरने पर बैठे हैं।
सेक्टर-62 में ट्रैफिक और भी ज्यादा प्रभावित
सेक्टर-62 नोएडा में प्रदर्शन के दौरान भारी भीड़ के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई।
पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में लाने की कोशिश
स्थिति को संभालने के लिए कई जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि हालात को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
प्रशासन के नए निर्देश
- सरकार और प्रशासन ने कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि—
- ओवरटाइम पर डबल सैलरी दी जाए
- साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य हो
- हर महीने की 10 तारीख तक वेतन दिया जाए
- सैलरी सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय
मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।