गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जुबानी हमला बोला है। कांग्रेस चीफ ने पीएम मोदी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कठपुतली करार दिया है।
मोदी संघ के हाथों की कठपुतली जैसा व्यवहार कर रहे हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, आरएसएस और बीजेपी हमारे संविधान को विकृत करने और इसमें बदलाव करने की साजिश कर रहे हैं। बीजेपी हमारी संवैधानिक संस्थाओं को एक-एक करके नष्ट करने या कमजोर करने के सभी प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि, मोदी संघ के हाथों की कठपुतली जैसा व्यवहार कर रहे हैं, जिसका हमारी न्यायपालिका या धर्मनिरपेक्षता को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
2024 भारत के लिए महत्वपूर्ण है
मल्लिकार्जुन खड़गे ने इससे पहले सोशल साइट "एक्स" पर पोस्ट के जरिए देश को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी थीं। इस दौरान उन्होंने इस पोस्ट में लिखा था कि, 2024 भारत के लिए महत्वपूर्ण है। यह साल तय करेगा कि हम संविधान, लोकतंत्र और न्याय के मूल्यों को बचा पाएंगे या फिर इस दौर में पहुंच जाएंगे जहां हर एक व्यक्ति समान नहीं होगा। हमारे संविधान में सभी नागरिकों को मौलिक अधिकार, सामाजिक न्याय और राजनीतिक अधिकार समान रूप से दिया है लेकिन आज इन अधिकारों पर सरकार की ओर से ही हमला हो रहा है।
Comments (0)