प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया है। वह साल 2009 के जनवरी महीने से X (पूर्व में ट्विटर) का इस्तेमाल कर रहे थे। ऐसे में रविवार (14 जुलाई) के दिन उन्होंने एक्स पर 100 मिलियन यानि 10 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया। इसी के साथ अब पीएम मोदी ग्लोबल लीडर में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता बन गए हैं।
पीएम सबसे आगे
बता दें कि, इस लिस्ट में पीएम मोदी के सबसे करीब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं। ट्रंप के सोशल मीडिया एक्स पर 87.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के 38.1 मिलियन, दुबई के शासक शेख मोहम्मद के 11.2 मिलियन और पोप फ्रांसिस के 18.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हालांकि, पीएम मोदी फॉलोअर्स की रेस में सभी नेताओं से बहुत ज्यादा आगे हैं। पीएम मोदी के साथ सोशल मीडिया पर दुनियाभर के कई नेता जुड़ना चाहते हैं। उनके साथ जुड़ने से फॉलोअर्स, व्यूज और रीपोस्ट में काफी इजाफा होता है। हाल ही में इटली और ऑस्ट्रिया के राष्ट्राध्यक्षों के साथ भी ऐसा देखा गया था।
मोदी के आसपास कोई दूसरा राजनेता नहीं दिखता
भारत की अगर बात की जाए तो मोदी के आसपास कोई दूसरा राजनेता नहीं दिखता। लोकसभा में विपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी को एक्स पर 26.4 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी राहुल से आगे हैं। उनके एक्स पर 27.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को एक्स पर 19.9 मिलियन लोग फॉलो करते हैं। राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व सीएम और एनसीपी पवार गुट के प्रमख शरद पवार को 2.9 मिलियन लोग एक्स पर फॉलो करते हैं। वेस्ट बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के एक्स पर 7.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।