कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हरियाणा के मुस्लिम बहुल इलाके नूंह में एक जनसभा के दौरान बीजेपी सरकार पर तीखे आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा और RSS देश के संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने 'भारत जोड़ो यात्रा' का जिक्र करते हुए बताया कि, इस यात्रा का उद्देश्य देश में प्रेम और एकता फैलाना और 'नफरत का बाजार' बंद करना है। अपने संबोधन में राहुल ने आगे कहा है कि, जहां भी बीजेपी ने नफरत का बाजार खोला, हमने वहां मोहब्बत की दुकान खोली।
संविधान को नष्ट करना चाहते हैं भाजपा-RSS
देश की सबसे पुरानी पार्टी के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने नूंह में एक जनसभा में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, वे नफरत फैलाते हैं और देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे एक वैचारिक युद्ध बताया, जिसमें एक तरफ संविधान को बचाने की विचारधारा है और दूसरी तरफ इसे नष्ट करने की। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि, कांग्रेस इस वैचारिक लड़ाई को लड़ रही है।
हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है
इसके अलावा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बेरोजगारी और महंगाई का मुद्दा उठाया। वहीं यहां जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया कि, वह केवल अरबपतियों के कर्ज माफ कर रहे हैं, जबकि गरीब किसानों के कर्ज माफ नहीं किए जा रहे हैं। लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष ने हरियाणा के युवाओं की परेशानियों का जिक्र करते हुए आगे कहा कि, उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है और वे कर्ज लेकर अमेरिका जाने पर मजबूर हैं। हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है और भाजपा सरकार ने राज्य की स्थिति बर्बाद कर दी है।
छोटे दल बीजेपी की 'बी टीम' हैं
हरियाणा के मुस्लिम बहुल इलाके नूंह में एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने राज्य में चुनाव लड़ने वाले छोटे दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये दल भाजपा की 'बी टीम' हैं और लोगों से अपील की कि, वे कांग्रेस को वोट दें ताकि भाजपा को सत्ता से हटाया जा सके। आपको बता दें कि, हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
Comments (0)