लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद से एनडीए के नेताओं और नवनिर्वाचित सांसदों की बैठक हुई, जिस के दौरान बिहार के सीएम नीतीश कुमार पीएम मोदी के पैर छुते नजर आए थे इस घटना के बाद कई लोगों ने इस मामले में अपनी-अपनी राय जाहिर की, जिनमें से एक नाम चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का भी शामिल था।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर लगाया बड़ा आरोप
राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि, नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के पांव सिर्फ इसलिए छुए ताकि वो सत्ता में बने रहें। आपको बता दें कि, यह आरोप पीके ने जन सुराज अभियान की एक सभा के दौरान लगाया है।
न मांगा रोजगार और न ही राज्य का दर्जा
एक सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि, देश ने कुछ दिन पहले देखा होगा कि, मीडिया के लोग कह रहे थे कि, नीतीश कुमार के हाथ में भारत सरकार की कमान है। नीतीश कुमार अगर न चाहें तो देश में सरकार नहीं बनेगी। इतनी ताकत है नीतीश कुमार के हाथ में। आगे राजनीतिक रणनीतिकार पीके ने बिहार के सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि, नीतीश कुमार ने इसके एवज में क्या मांगा? बिहार के बच्चों के लिए रोजगार नहीं मांगा, बिहार के जिलों में चीनी की फैक्ट्रियां चालू हो जाए, यह नहीं मांगा। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए, यह भी नहीं मांगा।
नीतीश कुमार ने सत्ता में रहने के लिए छुए पैर
बिहार के लोग सोच रहे होंगे कि, तो फिर उन्होंने क्या मांगा? इस सवाल का जवाब देते हुए पीके ने कहा कि, नीतीश कुमार ने बिहार के सभी लोगों की इज्जत बेचते हुए अपनी सत्ता मांगी है, नीतीश ने मांग रखी कि, 2025 के बाद भी वह मुख्यमंत्री बने रहें और इसके लिए भाजपा भी समर्थन कर दें। उन्होंने कहा कि, 13 करोड़ लोगों के जो नेता हैं, हम लोगों का अभिमान हैं, सम्मान हैं, वह पूरे देश के सामने झुक कर मुख्यमंत्री बने रहने के लिए पैर छू रहे हैं।
Comments (0)