समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि, भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। इसके साथ ही पूर्व सीएम ने कहा कि, भाजपा ने षड्यंत्र की सारी हदें पार कर दी हैं और अब जनता भाजपा की सत्ता लोलुपता को समझ चुकी है।
2027 में बीजेपी सत्ता से बाहर होगी - अखिलेश
अखिलेश यादव ने आगे अपने इस बयान में कहा है कि, भाजपा ने आम जनता, किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और गरीबों के साथ विश्वासघात किया है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और भाजपा की किसी भी साजिश को चलने नहीं देगी। सोमवार को यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का आचरण जनविरोधी है।
भाजपा ने संविधान और लोकतंत्र को तार-तार किया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि, अन्याय और अत्याचार चरम पर है और भाजपा संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार कर रही है। भाजपा सरकार में लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है और जनता की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि, जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है और सरकार में झूठ और लूट का बोलबाला है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है और गरीब न्याय के लिए भटक रहा है। सपा अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं से संगठन को और मजबूत करने पर ध्यान देने को कहा।
संगठन बूथ स्तर पर मजबूत हो - अखिलेश
यूपी के पूर्व सीएम यादव ने इस दौरान यह भी कहा है कि, संगठन बूथ स्तर पर मजबूत हो और बूथ लेबल पर एजेंट तैयार किए जाएं। वहीं आगे बोलते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि, किसानों और नौजवानों समेत सभी वर्गों की समस्याओं को उठाएं। गरीबों और शोषितों को न्याय दिलाने में मदद करें।
जनता सपा की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है
अखिलेश यादव बोले कि, प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की जनता भी सपा की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है। समाजवादी पार्टी सरकार में किए गए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए फैसलों को लोग याद कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब जनता 2027 का इंतजार कर रही है जब भाजपा को सबक सिखाया जाएगा।
Comments (0)