कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को ऐलान किया था कि, राहुल गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट को छोड़कर रायबरेली से ही सांसद रहेंगे। इसके साथ ही खड़गे ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। गौरतलब है कि, राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 में केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से जीत दर्ज की थी। कानूनन उन्हें एक सीट छोड़नी थी।
प्रियंका गांधी वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा था कि, मीटिंग में ये तय हुआ कि, केरल की वायनाड सीट पर अब प्रियंका गांधी वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि, रायबरेली सीट का गांधी परिवार के साथ बहुत जुड़ाव है। रायबरेली की जनता और पार्टी के लोगों का कहना है कि, राहुल गांधी रायबरेली सीट से ही सांसद रहें। वहीं अब बीजेपी राहुल गांधी के वायनाड सीट से इस्तीफा देना और प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर निशाना साध रही है।
परिवार की राजनीतिक विरासत बेटे के हाथ में रहेगी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा रायबरेली लोकसभा सीट बरकरार रखने और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर भारतीय जनता पार्टी के नेता शहजाद पूनावाला ने अपने प्रतिक्रिया दी है। पूनावाला ने कहा कि, कांग्रेस कोई पार्टी नहीं बल्कि एक पारिवारिक कंपनी है ये आज सिद्ध हो गया। राहुल गांधी इस बात को समझ गए हैं कि, समाजवादी पार्टी के बल पर उत्तर प्रदेश की जो कुछ सीटों पर उन्हें(कांग्रेस) जीत मिल गई है, उन सीटों पर उपचुनाव करवाने से उनकी सीट पर खतरा आ सकता है। वहां पर भाजपा तुरंत चुनाव के बाद मजबूत हो चुकी है। बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, वायनाड की जनता के साथ ये बहुत बड़ा धोखा है। ये बात भी स्पष्ट हो गई है कि, परिवार की राजनीतिक विरासत बेटे के हाथ में रहेगी।
Comments (0)