प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर पहुंचे। पीएम ने इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पीएम ने जनसभा को भी संबोधित किया।कार्यक्रम में पीएम ने 19,100 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें रेल, सड़क, तेल व गैस और शहरी विकास एवं आवास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं।
कल्याण सिंह को किया याद
पीएम मोदी ने कहा, "मैं बुलंदशहर समेत वेस्टर्न यूपी के सभी परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भाइयों और बहनों इस क्षेत्र ने तो देश को कल्याण सिंह जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने राम काज और राष्ट्र काज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं, अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जैसे और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है, लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका स्वप्न पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है।
राष्ट्र प्रतिष्ठा का काम करने की कही बात
उन्होंने कहा, "साथियों अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा का काम संपूर्ण हुआ और अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नईं ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और लक्ष्य बड़ा हो तो उसके लिए हर साधन जुटाना होता है। सबको मिलकर प्रयास करना होता है. विकसित भारत का निर्माण भी यूपी के तेज विकास के बिना संभव नहीं है। इसके लिए हमें खेत खलिहान से लेकर ज्ञान, विज्ञान, उद्योग और उद्यम तक, हर शक्ति को जगाना है। आज का ये आयोजन इसी दिशा में एक और कदम है।
पहले यूपी पर नहीं दिया गया ध्यान
पीएम मोदी ने आगे कहा साथियों, "आजादी के बाद के दशकों में लंबे समय तक भारत में विकास को सिर्फ कुछ ही क्षेत्रों में सीमित रखा गया, देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। इसमें भी उत्तर प्रदेश जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया गया। ये इसलिए हुआ क्योंकि लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया, जनता को अभाव में रखने का, समाज में बंटवारे का रास्ता उनको सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम लगा, जिसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है, लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। जब देश का सबसे बड़ा राज्य ही कमजोर हो तो देश कैसे ताकतवर हो सकता था।
'पहली नमो भारत ट्रेन भी पश्चिमी यूपी में ही'
उन्होंने कहा कि, आज भारत में दो बड़े डिफेंस कॉरिडोर पर काम चल रहा है, उनमें से एक पश्चिमी यूपी में बन रहा है, आज भारत में नेशनल हाइवे का तेजी से विकास हो रहा है, उसमें से अनेक प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में बन रहे हैं. आज हम यूपी के हर हिस्से को आधुनिक एक्सप्रसवे से कनेक्ट कर रहे हैं। भारत का पहला नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में ही शुरू हुआ है। यूपी के कई शहर मेट्रो सुविधा से जुड़ रहे हैं।
'आज यूपी रोजगार देने वाले प्रमुख सेंटरों में'
पीएम ने कहा, साथियों सरकार के प्रयासों से आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश रोजगार देने वाले प्रमुख सेंटरों में से एक बन रहा है। केंद्र सरकार देश में चार नए औद्योगिक स्मार्ट शहर बनाने की तैयारी में है। ऐसे नए शहर जो दुनिया के श्रेष्ट मैन्युफैक्चरिंग और निवेश स्थलों को टक्कर दे सके। इसमें से एक औद्योगिक स्मार्ट शहर पश्चिमी यूपी के ग्रेटर नोएडा में बना है। आज मुझे इस महत्वपूर्ण टाउनशिप का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला है। यहां हर वो बुनियादी सुविधाएं विकसित की गईं हैं, जो रोजमर्रा के जीवन में कारोबार के लिए चाहिए। अब ये शहर दुनियाभर के निवेशकों के लिए तैयार है। इसका लाभ यूपी के खासकर पश्चिमी यूपी के हर छोटे, लघु और कुटीर उद्योग को भी होगा। इसके बहुत बड़े लाभार्थी किसान परिवार और खेत मजदूर भी होंगे। यहां कृषि आधारित उद्योगों के लिए नई संभावनाएं बनेंगी।
Comments (0)