भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाषा के मुद्दे को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधा। सिंह ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी हिंदी और अन्य सभी भारतीय भाषाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सहयोग की भावना है।
भाषा के नाम पर देश को तोड़ने के प्रयास बंद होने चाहिए
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि भाषा के नाम पर देश को तोड़ने के प्रयास बंद होने चाहिए। उन्होंने कहा कि, कुछ लोग तमिल और हिंदी को लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता ने उत्तर भारत में नचियार के बारे में जागरूकता फैलाने के प्रयास की सराहना की। इसके साथ ही सिंह ने आगे कहा कि, हिंदी और अन्य भारतीय भाषाएं एक-दूसरे को मजबूत बनाती हैं।
कुछ लोग औरंगजेब को अपना आदर्श मानते हैं
बीजेपी सांसद ने कहा कि, कुछ लोग मुगल शासक औरंगजेब को अपना आदर्श मानते हैं, जिसने अन्य धर्मों के अनुयायियों पर अत्याचार किए। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने कहा कि, पीएम मोदी ने देश में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के युग की शुरूआत की है और अब महिलाओं को सशस्त्र बलों में स्थायी कमीशन मिल रहा है।
Comments (0)