बीजेपी की सीनियर नेत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उन्हें एलजी वीके सक्सेना ने पद की शपथ दिलाई। इस दौरान मंच पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। आपको बता दें कि, रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं हैं। सीएम के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने भी आज मंत्री पद की शपथ ली।
8 मार्च तक महिलाओं को 2,500 रुपये की पहली किस्त मिल जाएगी
वहीं शपथ से पहले रेख गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए अपने वादे पूरे करने पर भरोसा जताया इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, मासिक सहायता की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में 2,500 रुपए मासिक सहायता का वादा किया था। इसके साथ ही रेखा गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि, अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
'शीशमहल' को संग्रहालय बनाएंगी रेखा गुप्ता
सीएम रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से चर्चा में आगे कहा कि, वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास, जिसे भारतीय जनता पार्टी ‘शीशमहल’ कहती है उसे संग्रहालय बनाएंगी। रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
आप को लोगों को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा
शपथ ग्रहण से पहले रेखा गुप्ता ने पिछली ‘आप’ सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि, उन्हें लोगों को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा। रामलीला मैदान में अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले गुप्ता ने कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर में दर्शन किए। भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं रेखा ने इस बात पर जोर दिया कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Comments (0)