विक्की कौशल स्टारर ऐतिहासिक फिल्म छावा इन दिनों खूब चर्चा में है। फिल्म की शानदार कमाई और औरंगजेब पर विवाद के बीच अब छावा को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। रिलीज के 39 दिन बाद छावा की संसद में स्क्रीनिंग होने जा रही है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजनीति जगत के कई दिग्गज नेता संसद में शामिल होकर छावा देखेंगे। छावा इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही है। बॉलीवुड में ही नहीं, बल्कि छावा ने राजनीति जगत में भी सुर्खियां बटोरी है। फिल्म में दिखाए गए औरंगजेब पर इतना विवाद हुआ कि राजनेता आपस में ही भिड़ गए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी खूब नोट छाप रही है। फिल्म की शानदार कमाई के बीच अब संसद में इसकी स्क्रीनिंग हो रही है।
संसद में कब होगी छावा की स्क्रीनिंग?
जानकारी के अनुसार, संसद इस गुरुवार को बालयोगी ऑडिटोरियम में बॉलीवुड फिल्म छावा की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और संसद सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। यही नहीं, संभाजी महाराज की भूमिका निभाने वाले अभिनेता विक्की कौशल फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।
पीएम मोदी कर चुके हैं तारीफ
कुछ दिन पहले पीएम मोदी ने छावा मूवी की तारीफ की थी। दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र और मुंबई ने मराठी और हिंदी सिनेमा दोनों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इन दिनों छावा पूरे देश में धूम मचा रही है जिसके बाद विक्की कौशल खुशी से गदगद हो गए थे।
Comments (0)