बीजेपी के दिग्गज नेता और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी आज 55 साल के हो गए हैं। सीएम सैनी ने अपना जन्मदिन सफाईकर्मियों संग मनाया। सबके साथ बैठकर नाश्ता किया। वहीं उनकी पत्नी ने पंचकुला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। आपको बता दें कि, हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में शायद पहली बार है कि किसी सीटिंग सीएम ने सफाईकर्मियों संग नाश्ता किया हो।
सीएम ने सफाई कर्मियों संग मनाया अपना जन्मदिन
ये सफाई कर्मचारी संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे थे। स्टाफ के अनुसार, उस समय सीएम सैनी नाश्ता करने जा रहे थे। जब उन्होंने अपने शुभचिंतकों को देखा तो उन्हें भी अपने साथ नाश्ते का न्योता दे दिया। वहीं, राज्य के मुखिया नायब सिंह सैनी के जन्म दिवस पर पिंजौर गार्डन में धर्मपत्नी सुमन सैनी ने मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें अच्छी खासी संख्या में लोग पहुंचे।
सुमन सैनी ने मनाया सीएम सैनी के जन्मदिन का जश्न
सीएम की पत्नी सुमन सैनी ने बड़ा सा केक काटकर नायब सिंह सैनी का जन्मदिन का जश्न मनाया। शिविर में हेल्थ चेकअप कैंप लगा जहां लोगों का बीपी मापा गया। भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया, 1,29,906 लोगों को जन्म प्रमाणपत्र भी जारी किया गया।
सीएम सैनी को पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की बधाई
वहीं हरियाना के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्मदिन की बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पोस्ट में लिखा है कि हरियाणा के गतिशील मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे एक जमीनी नेता हैं जिन्होंने खुद को सामुदायिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। वे हरियाणा की प्रगति को बढ़ावा देने के लिए कई प्रयास कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।
सीएम सैनी को अमित शाह ने दी जन्मदिन की बधाई
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर हरियाना के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की बधाई दी है। अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में हरियाणा विकास, विश्वास और विरासत के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।
Comments (0)