दिल्ली मुख्यमंत्री के लिए रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान होते ही बधाईयों का दौर शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के अलावा अन्य दलों के नेताओं ने भी रेखा गुप्ता को सीएम चुने जाने पर बधाई दी। इस बीच कांग्रेस नेता अलका लांबा का बधाई भरा संदेश चर्चा में आ गया है।
अलका लांबा ने खास अंदाज में दी बधाई
आपको बता दें कि, कांग्रेस नेता अलका लांबा ने दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है जो लगभग 30 साल पुरानी है। दरअसल, यह तब की फोटो है जब अलका लांबा अध्यक्ष और रेखा महासचिव के पद पर निर्वाचित हुई थीं। इस यादगार तस्वीर के बारे में खुद अलका लांबा ने अपने ट्वीट में जानकारी दी है।
1995 में जब रेखा ने ली थी महासचिव पद की शपथ
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने अपने सोशल मीडिया साइट x पर करीब 3 दशक पुरानी फोटो शेयर करते हुए बीजेपी नेत्री रेखा गुप्ता को सीएम बनने की बधाई दी है। इसमें अलका के साथ रेखा गुप्ता नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा है कि, 1995 की यह यादगार तस्वीर- जब मैंने और रेखा गुप्ता ने एक साथ शपथ ग्रहण की थी। मैंने nsui से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी और रेखा ने ABVP से महासचिव पद पर जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएं। दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई और हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं की माँ यमुना स्वच्छ और बेटियां सुरक्षित होंगी।
3 दशक बाद फिर शपथ लेंगी रेखा गुप्ता
एक वक्त वो था जब छात्रों के लिए आवाज उठाने वाली रेखा गुप्ता ने हजारों साथियों के हुजूम के बीच शपथ ली थी। 30 सालों बाद एक बार फिर कुछ ऐसा ही होने जा रहा है। हालांकि इस बार जगह और पद बिल्कुल अलग हैं। जी हां, इस बार रेखा गुप्ता देश की राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रही हैं। यह पल उनके लिए बेहद खास है।
Comments (0)