दिल्ली विधानसभा के लिए 5 फरवरी को वोटिंग होनी है और 8 फरवरी को इसके नतीजे आएंगे। सोमवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था, जिसमें सभी दलों ने पूरी ताकत झोंकी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जे पी नड्डा और कई मुख्यमंत्रियों ने प्रचार किया। आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने सीएम आतिशी के निर्वाचन क्षेत्र समेत तीन इलाकों में रैलियां कीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कालकाजी और कस्तूरबा नगर में रोड शो किए। इस तरह छह बजे दिल्ली में चुनाव प्रचार खत्म हो गया। अब बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग होगी।
राहुल और प्रियंका ने रोड शो किए
बीजेपी ने प्रचार के आखिरी दिन पूरी दम लगा दी। पार्टी ने शहर में 22 रोड शो और रैलियां की। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा और बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों ने चुनाव प्रचार किया। अपना खोया वजूद वापस पाने के लिए बेताब कांग्रेस ने भी आखिरी दिन कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कालकाजी और कस्तूरबा नगर में अलग-अलग रोड शो किए।
कांटे की टक्कर
दिल्ली की सियासी जंग इस बार काफी दिलचस्प है। आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर के साथ ही कांग्रेस की पावरफुल मौजूदगी ने इस चुनाव को टक्करी और त्रिकोणीय बना दिया है। आम आदमी पार्टी अपने वादों और योजनाओं के दम पर एक बार फिर से सत्ता में आने के दावे कर रही है।
1.56 करोड़ मतदाता
दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं। इसमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिला और 1 हजार 267 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं, जो कि 13 हजार 766 पोलिंग बूथ पर वोट डालेंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए 733 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अधिक से अधिक मतदान हो, इसके लिए चुनाव आयोग ने लोगों की सहूलियत का भी खास ख्याल रखा है।
Comments (0)