दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के यमुना के पानी में 'जहर' वाले बयान पर सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। बीजेपी और आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं। इस बीच मैदान में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भी उतर आए हैं।
सीएम सैनी ने पीया यमुना का पानी
दिल्ली की सीएम आतिशी ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को उनके साथ पल्ला घाट चलकर यमुना का पानी पीने को कहा था। इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इस चैलेंज को तो पूरा किया, लेकिन वह अकेले ही पल्ला घाट पहुंचे। बता दें कि, बुधवार (29 जनवरी) को सीएम नायब सिंह ने पल्ला घाट पहुंचकर यहां यमुना नदी के पानी से कुल्ला किया और कुछ घूंट पिए भी, जिसका वीडियो सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।
आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है
इसके बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की सीएम आतिशी के पोस्ट पर जवाब भी दिया। नायब सिंह सैनी ने लिखा, आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।
आतिशी ने दिया था साथ चलने का चैलेंज
आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया साइट‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि नायब सैनी जी मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा अनुरोध है कि आप और मैं साथ चलें, और मीडिया के साथियों को भी साथ ले जाएं। हम सबके सामने अमोनिया की मात्रा नापेंगे। सभी को पता होना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली के लोगों को जहरीला पानी भेज रहा है।
सीएम आतिशी और आप पर बरसे नायब सिंह सैनी
नदी घाट का दौरा करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक अन्य पोस्ट में आम आदमी पार्टी पर फिर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि बिना किसी झिझक के मैंने हरियाणा की सीमा पर पवित्र यमुना का जल पीया। आतिशी जी नहीं आईं। वह कोई नया झूठ तैयार कर रही होंगी। झूठ के पैर नहीं होते। इसीलिए आप-दा का झूठ काम नहीं कर रहा है। सैनी ने कहा कि दिल्ली की भगवान समान जनता ने धोखेबाजों को पहचान लिया है और दावा किया कि पांच फरवरी को मतदान के दिन AAP के ‘‘धोखे के युग’’ का अंत निश्चित है।
केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है
इसके बाग हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने यमुना घाट पर पत्रकारों से कहा कि केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और उन पर लोगों में डर पैदा करने का आरोप लगाया। सैनी ने आगे यह भी कहा कि उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बयान दिया और कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने जहर घोल दिया है। केजरीवाल ने सामूहिक नरसंहार की बात की। वह क्या साबित करना चाहते हैं? जल संसाधन प्राधिकरण ने मंगलवार को यहां से नमूने एकत्र किए। इसमें कोई जहरीला पदार्थ नहीं है। मैंने भी पानी पीया। यहां से दिल्ली जाने वाला पानी साफ है।
Comments (0)