विश्व कल्याण के उद्देश्य से आयोजित 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में हिंसा भड़क गई। यज्ञ का आयोजन स्वामी हरि ओम द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर से आए ब्राह्मणों पर बाउंसरों ने अचानक गोलियां चला दीं और लाठियां बरसाईं। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
खाने को लेकर हुआ विवाद बना हिंसा की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान खाने को लेकर विवाद हुआ, जिसने धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया। बहस इतनी बढ़ गई कि मौके पर मौजूद बाउंसरों ने ब्राह्मणों पर हमला कर दिया। उन्होंने न केवल लाठियों से प्रहार किया बल्कि गोलीबारी भी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
घटना से नाराज ब्राह्मण समाज के लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन के नाम पर उन्हें बुलाया गया, लेकिन जब उन्होंने खराब भोजन पर सवाल उठाया, तो उनके साथ मारपीट की गई और गोलियां चलाई गईं।
ब्राह्मण समुदाय की मांग – आयोजक के खिलाफ हो कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों ने आयोजक और उसके सुरक्षाकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से धार्मिक आयोजनों की पवित्रता पर सवाल खड़े होते हैं और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए।
महायज्ञ पर विवाद का साया
18 मार्च से शुरू हुआ यह महायज्ञ 27 मार्च तक चलने वाला था, जिसमें प्रतिदिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। आयोजन में देशभर से ब्राह्मण समुदाय के लोग शामिल हुए थे, लेकिन अब इस विवाद के बाद कार्यक्रम का भविष्य अनिश्चित हो गया है।
महायज्ञ को धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण माना जा रहा था। अब तक इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं।
Comments (0)