भारत के मौसम में इन दिनों दो चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। जहां देश का एक हिस्सा भीषण गर्मी और लू की चपेट में तप रहा है, वहीं दूसरा हिस्सा बारिश और ठंडक की उम्मीद संजोए हुए है। भारतीय मौसम विभाग NNने 11 अप्रैल तक के लिए मौसम की चेतावनी जारी की है, जिसमें उत्तर-पश्चिमी राज्यों में प्रचंड गर्मी और लू का अलर्ट है, तो पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम में गर्मी का कहर
देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में हालात सबसे गंभीर हैं, जहां दिन के साथ-साथ अब रातें भी तपने लगी हैं। सोमवार को बाड़मेर में तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते आज वहां रेड अलर्ट जारी है। राज्य के 6 जिलों में ऑरेंज और 12 जिलों में यलो अलर्ट लागू है। रात का पारा भी 45 डिग्री के पार जा रहा है, जो सामान्य से कहीं अधिक है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण में बारिश की संभावना
दूसरी ओर, देश के पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्सों में मौसम राहत देने वाला हो सकता है। बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी तेज हवाओं, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में नम हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने के आसार हैं।
Comments (0)