दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 समाप्त हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने 27 साल बाद इस चुनाव में जीत दर्ज की है और सरकार बनाने की तैयारी चल रही है। इस चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर और आम आदमी पार्टी ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली हैं।
प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को हराया
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रवेश वर्मा और कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया था। संदीप दीक्षित को भी इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि संदीप दीक्षित ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल को लेकर बयान दिया है।
हम मिलकर चुनाव लड़ते तो नतीजे और बुरे होते
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि, दिल्ली की जनता ने किसी को नहीं हराया है, बल्कि अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से हटाया है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, अगर हम (आप और कांग्रेस) मिलकर चुनाव लड़ते तो नतीजे और भी बुरे होते। दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को हटाने का मन बना लिया था। अगर 10 पार्टियां भी उनके साथ गठबंधन कर लेतीं तो भी वे हार जाते।
Comments (0)