यूपी के सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु गोरक्षनाथ ज्ञानस्थली का उद्घाटन करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि, इतिहास साक्षी है कि भारत ने कभी तलवार के बल पर शासन नहीं किया। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, यह पावन धरा दुनिया को करुणा और मैत्री का संदेश देती है।
राजकुमार सिद्धार्थ का बचपन यहीं बीता था
सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि, राजकुमार सिद्धार्थ का बचपन यहीं बीता था और ज्ञान प्राप्त करने के बाद वह गौतम बुद्ध कहलाए। यूपी के मुखिया ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, बौद्ध धर्म ने करुणा और मैत्री के बल पर दुनिया को आकर्षित किया, न कि तलवार के दम पर।
भारत की परंपरा ने हमेशा ज्ञान की आराधना की है
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा ने हमेशा ज्ञान की आराधना की है। बीजेपी नेता ने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, चारों ओर से आने वाली ज्ञान की धारा को ग्रहण करना प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है। समाज के प्रबुद्ध वर्ग और सज्जन शक्ति को इसके लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
भारत जल्द तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनेगा
सीएम योगी ने कहा कि, देश हर क्षेत्र में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है तथा विरासत एवं विकास का बेहतर समन्वय ही कल्याणकारी जीवन की कुंजी है। यूपी के मुखिया आदित्यनाथ ने कहा कि, भारत अब दुनिया का पिछलग्गू नहीं, बल्कि पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।
Comments (0)