भारत में एक बार फिर से मंकीपॉक्स ने दस्तक दी है। इस बीमारी का मामला कर्नाटक में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, दुबई से आया एक शख्स जांच में वायरस से संक्रमित पाया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि दुबई से आया 40 साल का एक शख्स जांच में मंकी पॉक्स से संक्रमित पाया गया है। और बताया है कि कर्नाटक में इस साल मंकीपॉक्स का यह पहला मामला है।
19 साल से दुबई में था शख्स
कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी), पुणे द्वारा 22 जनवरी की तारीख को उडुपी जिले के करकला क्षेत्र के एक 40 वर्षीय पुरुष में मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक, शख्स बीते 19 साल से दुबई में रह रहा था और बीते 17 जनवरी को कर्नाटक के मंगलुरु आया था।
चकत्ते और बुखार के लक्षण दिखे
जब शख्स दुबई से वापस आया तब उसमें चकत्ते के लक्षण दिखे। इससे दो दिन पहले उसे बुखार भी आया था। इसके बाद शख्स को तुरंत ही एक प्राइवेट अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया। इसके बाद शख्स का नमूना लेकर बैंगलोर मेडिकल कॉलेज और उसके बाद एनआईवी, पुणे भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंकीपॉक्स से संक्रमित व्यक्ति की हालत स्थिर है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
Comments (0)