आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ प्रयागराज पहुंचे और महाकुंभ मेला 2025 में शामिल हुए। इस दौरान साउथ सुपरस्टार ने अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। इसके साथ दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम में उन्होंने पूजा-अर्चना की।
पवन कल्याण परिवार संग पहुंचे महाकुंभ
साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर महाकुंभ से अपनी तस्वीरें पोस्ट की है और उसे महाकुंभ हैशटैग के साथ जोड़ा है। तस्वीरों के कोलाज में डिप्टी सीएम पवन कल्याण को अपनी दूसरी पत्नी अन्ना लेज्नवा और बेटे अकीरा नंदन के साथ नजर आ रहे हैं। वहीं संगम में आस्था की डुबकी लगाने के बाद पवन कल्याण अपनी पत्नी को सिंदूर लगाते दिख रहे हैं।
मेरा ये सपना पूरा हो सकता है
पवन कल्याण ने मीडिया को बताया कि, कैसे महाकुंभ में जाना उनका लंबे समय से सपना रहा है। इस भव्य आयोजन के बारे में उन्हें पहली बार तब पता चला था जब वह किशोर थे। सुपरस्टार पवन ने आगे बताया है कि, जब मैं 16-17 साल का था, तब मैंने स्वामी योगानंद की आत्मकथा में महाकुंभ के बारे में पढ़ा था। मेरी इच्छा थी कि, मैं महाकुंभ में जाऊं, बहुत से आध्यात्मिक गुरु यहां आते हैं और यह मेरा लंबे समय से सपना रहा है। मुझे यकीन था कि मेरा ये सपना पूरा हो सकता है।
यह मेरे लिए सबसे सुखद अनुभव है
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा है कि, जब मैंने इस पल को अनुभव किया, मुझे केवल यही एहसास हुआ कि चाहे आप कितने भी मशहूर या अमीर क्यों न हों, इस विशेष अनुभव की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने आगे कहा कि, ऐसी शुभ स्थिति में करीब 50 करोड़ लोग एक स्थान पर एकत्र हुए हैं और मुझे खुशी है कि मैंने इसमें हिस्सा लिया। यह मेरे लिए सबसे सुखद अनुभव है। पवन ने आगे कहा कि, मैं हमेशा देश और मानवता की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।
Comments (0)