बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी पर आरएसएस ने प्रतिक्रिया दी है। संघ ने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मसले पर कोई मतभेद नहीं है। भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में देरी पर अटकलों को विराम देते हुए सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने कहा संघ से जुड़े सारे संगठन स्वतंत्र हैं और उनकी अपनी निर्णय लेने की प्रक्रिया है। आने वाले समय में भाजपा अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लेगी।
संघ-बीजेपी में नहीं ठनी
बेंगलूरु में चल रही संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के दौरान पास हुए प्रस्तावों की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरुण कुमार से पूछा गया कि क्या संघ और बीजेपी में इतनी ठनी हुई है कि किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है? इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हर संगठन स्वायत्त और स्वतंत्र हैं। अध्यक्ष के चुनाव के लिए कोई समन्वय बैठक नहीं होती है। संघ के स्वयंसेवक 32 से ज्यादा संगठनों में कार्य करते हैं। पक्का मानकर चलिए कि हमारी कोई ठनी नहीं है।
समाज और राष्ट्र के प्रश्नों पर मिलकर करते हैं कार्य
अरुण कुमार ने बीजेपी के संबंधों को लेकर कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रश्नों पर हम मिलकर कार्य करते हैं। आज भी परस्पर विश्वास पर कार्य कर रहे हैं। बीजेपी में बूथ समितियां, जिला, प्रदेश का चुनाव हो रहा है। आने वाले समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। उनकी (भाजपा) अपनी पार्टी की जो व्यवस्था है, उसके अंतर्गत ही होगा।
Comments (0)