दिल्ली-एनसीआर के साथ ही देश के कई हिस्सों में पारा लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को अगले तीन से चार दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि की भविष्यवाणी की है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कई स्थानों पर अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। यह बात IMD के तापमान पूर्वानुमान में बताया गया है।
क्या कह रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान मध्य भारत और आंतरिक महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके अलावा गुजरात के लिए, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि का अनुमान व्यक्त किया है।
कितना सटीक पूर्वानुमान
इस बीच, विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने रविवार को विश्व मौसम विज्ञान दिवस पर सभी संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों से दुनिया भर में पूर्व चेतावनी देने में अंतराल को भरने के लिए काम करने की अपील की। डब्ल्यूएमओ ने संयुक्त राष्ट्र की विशेष एजेंसी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर कहा कि पूर्वानुमान क्षमताओं में काफी प्रगति हुई है, लेकिन ऑब्जर्वेशन नेटवर्क, पूर्वानुमान सटीकता और हाई क्वालिटी वाले जलवायु और जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों तक पहुंच में अंतराल बना हुआ है।
Comments (0)