दिल्ली में तापमान बढ़ने की वजह से गर्मी का अहसास होने लगा है। फरवरी के महीने में ही लोगों के पसीने छूट रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम करवट लेगा। 21 फरवरी से गर्मी एक बार फिर बढ़ने लगेगी। वहीं, अब न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री से कम होने की संभावना कम है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को सुबह के समय धुंध रह सकती है। सुबह के समय आंशिक रूप से बादल भी देखने को मिलेंगे। दोपहर के समय बादल घने हो जाएंगे। रात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रहेगा। 21 फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। 21 से 24 फरवरी तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में भी लगातार इजाफा होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है।
पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना है। आईएमडी ने पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके बाद बारिश के साथ हिमपात होगी। हालांकि, इस दौरान तापमान में गिरावट भी होगी, जिससे कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी। जम्मू-कश्मीर में इस साल सर्दियों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश को छोड़कर कोई मौसमी गतिविधियां नहीं देखने को मिलीं। मौसम शुष्क रहने से अब अधिकतम तापमान में सामान्य से अधिक बढ़ोतरी हो चुकी है। हालांकि, अगले 36 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है।
Comments (0)