कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि वह 6 जून को भारत लौटेंगे और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन के दौरान वह शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। अभिजीत दिपके ने यह जानकारी अपने नए X अकाउंट "Cockroach Is Back" के माध्यम से साझा की है।
दिल्ली हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक X अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने केंद्र सरकार और X से चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई कर रही अदालत ने कहा कि सरकार का पक्ष सुने बिना अकाउंट बहाल करने जैसा आदेश देना उचित नहीं होगा, क्योंकि इस मामले के व्यापक और दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं। अगली सुनवाई 6 जुलाई को निर्धारित की गई है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर हुई कार्रवाई
याचिका में उस सरकारी आदेश को चुनौती दी गई है जिसके तहत राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए CJP के X हैंडल को ब्लॉक किया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई की थी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश जारी किया था।
दिपके बोले- यह राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य मंच
अभिजीत दिपके का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी एक राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य (सटायर) मंच है। उनका तर्क है कि यदि किसी विशेष पोस्ट पर आपत्ति थी तो केवल संबंधित पोस्ट हटाई जा सकती थी, पूरे अकाउंट को बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में भी ऐसे मामलों में अदालतों ने सोशल मीडिया अकाउंट्स को राहत प्रदान की है।
अदालत ने उठाए कई सवाल
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि फिलहाल ब्लॉकिंग आदेश के कारण स्पष्ट नहीं हैं। न तो याचिकाकर्ता और न ही अदालत ने अब तक पूरा ब्लॉकिंग आदेश देखा है। कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन पुराने मामलों का हवाला दिया गया, उनकी परिस्थितियां अलग थीं। यहां पूरे अकाउंट की गतिविधियों पर सवाल उठाए गए हैं, इसलिए मामले की प्रकृति अलग है।
नया अकाउंट बनाकर फिर सक्रिय हुआ संगठन
21 मई को मूल X अकाउंट ब्लॉक होने के बाद संगठन ने नया अकाउंट "Cockroach Is Back" शुरू किया। नए अकाउंट के बायो में "Cockroaches Don't Die" लिखा गया है। वहीं, इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और इसके करोड़ों फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी पहुंचा मामला
इस बीच, अभिजीत दिपके को भारत लाने की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर की गई है। मामले को लेकर कानूनी और राजनीतिक बहस लगातार तेज होती जा रही है।