नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगर 13 जून तक शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते हैं तो वे खुद अलग-अलग राज्यों और शहरों में जाकर प्रदर्शन करेंगे। अभिजीत दीपके ने रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि यह आंदोलन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। जरूरत पड़ने पर छात्र एक बार फिर दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे।
जंतर-मंतर के बाद अब देशभर में आंदोलन की तैयारी
कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और NEET पेपर लीक के मुद्दे को उठाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी। अभिजीत दीपके विशेष रूप से अमेरिका से भारत आए हैं और रविवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर पहुंचे।
बोले- हिंदू-मुस्लिम की राजनीति से रोजगार नहीं मिलेगा
शाम को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश की राजनीति हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन इससे युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताया।
24 घंटे में 6 लाख बढ़े फॉलोअर्स
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर भी कॉकरोच जनता पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी है। प्रदर्शन से पहले पार्टी के इंस्टाग्राम पर 2.21 करोड़ फॉलोअर्स थे, जो 7 जून की दोपहर तक बढ़कर 2.27 करोड़ हो गए। वहीं X पर पार्टी के करीब 2.70 लाख फॉलोअर्स हैं।
पार्टी के सामने तीन बड़ी चुनौतियां
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता को जमीनी वोट बैंक में बदलना पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा पार्टी के पास कोई मजबूत संगठनात्मक ढांचा या कैडर नहीं है। साथ ही आंदोलन को एक स्पष्ट एजेंडे के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत भी बताई जा रही है।
CJI के बयान के बाद हुई थी CJP की शुरुआत
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत 16 मई को अमेरिका में रहने वाले अभिजीत दीपके ने की थी। इससे पहले 15 मई को एक सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की ओर से बेरोजगार युवाओं को लेकर दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। इसके अगले ही दिन अभिजीत दीपके ने CJP के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट शुरू किए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन अभियान शुरू किया। पार्टी की ओर से शुरू की गई ऑनलाइन याचिका पर 8 लाख से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए थे।