गुजरात के अहमदाबाद में अवैध घुसपैठ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात चलाए गए विशेष अभियान में शहर के विभिन्न इलाकों से 290 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से 131 लोगों की पहचान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि करीब 160 अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर में छापेमारी
अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और उनकी नागरिकता की पुष्टि के लिए विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पूरे शहर में चल रहा सत्यापन अभियान
क्राइम ब्रांच के अनुसार, शहरभर में दस्तावेज सत्यापन और प्रवर्तन अभियान जारी है। जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संदिग्धों की पहचान और नागरिकता से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
पिछले साल भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गुजरात पुलिस और अहमदाबाद नगर निगम ने अवैध प्रवासियों और अवैध बस्तियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था। उस दौरान चंडोला झील क्षेत्र से 6,500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें से लगभग 890 लोग अहमदाबाद से पकड़े गए थे, जिनकी नागरिकता की जांच की गई थी।
चंडोला झील क्षेत्र में हटाए गए थे अवैध निर्माण
कार्रवाई के बाद नगर निगम ने चंडोला झील के आसपास बने हजारों अवैध मकानों और ढांचों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया था। यह इलाका संरक्षित जलाशय क्षेत्र माना जाता है। दस्तावेजों की पुष्टि के बाद अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया भी अपनाई गई थी।
देशभर में तेज हुआ अभियान
केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा और संसाधनों पर बढ़ते दबाव का हवाला देते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई पर जोर दे रही है। भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।