कोलकाता: पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब सरकार गठन की तैयारी में जुट गई है। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से कोलकाता के लिए रवाना हो चुके हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाह सुबह 11 बजे तक कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुँचेंगे, जिसके बाद बैठकों का दौर शुरू होगा।
मैराथन बैठकों का शेड्यूल:
दोपहर 12 बजे: अमित शाह बंगाल बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी, सुकांता मजूमदार और शमिक भट्टाचार्य सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।दोपहर 3 बजे: विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में बीजेपी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ एक बड़ी बैठक होगी।
मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस:
सूत्रों के अनुसार, आज की इन बैठकों में सबसे महत्वपूर्ण चर्चा 'मुख्यमंत्री' के नाम को लेकर होगी। इसके साथ ही मंत्रिमंडल के गठन और किसे कौन सा विभाग सौंपा जाएगा, इस पर भी शाह अंतिम निर्णय ले सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा आज होगी या कल शपथ ग्रहण से ठीक पहले।
कल ऐतिहासिक शपथ ग्रहण:
बता दें कि 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाना है। 200 से अधिक सीटें जीतकर बंगाल में सत्ता परिवर्तन करने वाली बीजेपी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है। अमित शाह का यह दौरा न केवल सरकार गठन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य की रणनीति के लिहाज से भी बड़ा माना जा रहा है।