मुंबई - भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर अभिनेता अनुपम खेर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। अनुपम खेर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ रहे हैं। उनके अनुसार, सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में नाम दर्ज होना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण भी है।
लंबे समय तक जनसमर्थन बनाए रखना आसान नहीं
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में इतने लंबे समय तक जनता का समर्थन और विश्वास बनाए रखना आसान नहीं होता। इसके लिए लगातार मेहनत, स्पष्ट दृष्टिकोण, कठिन फैसले लेने का साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की आवश्यकता होती है। खेर ने कहा कि आज दुनिया भारत को एक नए आत्मविश्वास के साथ देख रही है। उनके अनुसार, पिछले वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश लगातार नई उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है।
मोदी को दी ऐतिहासिक उपलब्धि की शुभकामनाएं
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि भारत आगे भी प्रगति करता रहे, नई ऊंचाइयों को छुए और विश्व मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत बनाए। साथ ही उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और बधाई दी।
पीएम ने नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ा
आपको बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक PM पद पर बने रहने के नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वो देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं, 9 जून 2024 को ही उन्होंने NDA के तीसरे कार्यकाल में PM पद की शपथ ली थी और उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी आज पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो गए हैं। अब वो सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।