हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को जोलसप्पड़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना में हो रही लगातार देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
300 करोड़ की परियोजना में देरी पर उठाए सवाल
निरीक्षण के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा करने में आखिर इतना समय क्यों लग रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति केंद्र सरकार से काफी प्रयासों के बाद मिली थी, लेकिन निर्माण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सका।
10 साल बाद भी इंतजार में मेडिकल कॉलेज
सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह वर्ष भी लोकार्पण के इंतजार में गुजर गया तो परियोजना का निर्माण शुरू हुए लगभग एक दशक पूरा हो जाएगा। जनता जानना चाहती है कि इस परियोजना में बार-बार रुकावटें क्यों आईं और इसके लिए आखिर कौन जिम्मेदार है।
भवन तैयार, फिर भी शुरू नहीं हुईं सेवाएं
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का प्रशासनिक ब्लॉक और अस्पताल भवन लगभग दो वर्ष पहले ही तैयार हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक न तो 600 विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षाएं शुरू हो सकी हैं और न ही आम जनता के लिए ओपीडी सेवाएं आरंभ की गई हैं।
जनता को सुविधाओं का इंतजार
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब भवन लगभग तैयार हैं तो फिर कक्षाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को वहां स्थानांतरित करने में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों में तेजी लाने और मेडिकल कॉलेज को जल्द से जल्द पूरी तरह संचालित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।