भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबले से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के पदाधिकारियों के साथ भगवान इंद्रुनाग के मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना कर मैच के निर्विघ्न संपन्न होने के लिए आशीर्वाद लिया।
वनडे मुकाबले के लिए तैयार धर्मशाला स्टेडियम
धर्मशाला स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर बड़े मुकाबले की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। इससे पहले यह स्टेडियम आईपीएल के तीन लीग मैचों और एक क्वालीफायर मुकाबले का सफल आयोजन कर चुका है।
प्रदेश की पहचान बना धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम ने हिमाचल प्रदेश की पहचान विश्वभर में बनाई है, जिससे प्रदेश के लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिले हैं और पर्यटन उद्योग को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला है। उन्होंने एचपीसीए के प्रयासों की सराहना की, जो लगातार सफल मैचों का आयोजन कर रहे हैं।
मैच को लेकर दर्शकों में उत्साह चरम पर
भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले इस एकदिवसीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश की मनोरम वादियां और धर्मशाला का खूबसूरत वातावरण मैच को और भी खास बना रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह मुकाबला यादगार बन सकता है।