नई दिल्ली/मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद अर्शदीप द्वारा साझा किया गया एक वीडियो (व्लॉग) सोशल मीडिया पर बवाल मचा रहा है। आरोप है कि अर्शदीप ने इस वीडियो में मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा (Tilak Varma) के खिलाफ नस्लभेदी और आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्शदीप सिंह ड्रेसिंग रूम में बैठकर व्लॉगिंग कर रहे हैं। इसी दौरान जब तिलक वर्मा वहां प्रवेश करते हैं, तो अर्शदीप उन्हें 'ओए अंधेरे' कहकर पुकारते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने तिलक से यह भी पूछा कि उन्होंने 'सनस्क्रीन' क्यों नहीं लगाई है?
हालांकि अर्शदीप ने सीधे तौर पर रंगभेद से जुड़े शब्द का इस्तेमाल नहीं किया, लेकिन उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए 'अंधेरे' शब्द को तिलक के रंग पर तंज माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और विशेषज्ञों का कहना है कि एक प्रोफेशनल मंच और पब्लिक प्लेटफॉर्म पर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं।
BCCI के निर्देशों की अनदेखी?
गौरतलब है कि हाल ही में बीसीसीआई (BCCI) ने अर्शदीप सिंह के व्लॉग बनाने पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इसे बंद नहीं किया। अब इस ताज़ा विवाद ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, "मजाक के नाम पर इस तरह की नस्लभेदी टिप्पणियों को बढ़ावा देना गलत है। यह व्यवहार अर्शदीप को भारी पड़ सकता है।"
मैच का हाल
विवादों से इतर, इस मैच में तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया था। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई इंडियंस ने एक गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। तिलक वर्मा ने महज 33 गेंदों पर 75 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई और 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए।