भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। छतरपुर जिले के खजुराहो में सबसे अधिक 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंदौर-उज्जैन में गर्म रातों से बढ़ी परेशानी
इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इसके चलते लोगों को रात में भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। धार, रतलाम और खजुराहो में लू का असर साफ दिखाई दिया।
प्रदेश के सबसे गर्म शहर
खजुराहो (छतरपुर) – 45.4 डिग्री
रतलाम – 45.2 डिग्री
धार – 45 डिग्री
बैरसिया (भोपाल) – 44.9 डिग्री
विदिशा – 44.8 डिग्री
इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने रतलाम, देवास और गुना समेत कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं धार, इंदौर और उज्जैन में गर्म रात रहने की चेतावनी भी दी गई है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले इलाके
पचमढ़ी (नर्मदापुरम) – 19.4 डिग्री
अमरकंटक (अनूपपुर) – 20.7 डिग्री
करौंदी (कटनी) – 23.2 डिग्री
खंडवा – 24 डिग्री
खरगौन – 24.6 डिग्री
कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।इसके अलावा जबलपुर, शहडोल और आसपास के कुछ क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा।
प्रदेश में एक्टिव हैं कई मौसम प्रणाली
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कई चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ सक्रिय हैं। इसी कारण कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है, जबकि कई जिलों में तेज गर्मी का असर जारी है। साथ ही 15 मई के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने वाला वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है।